नई दिल्ली। देश की सबसे पुरानी पार्टी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस आज 138 साल की हो गई। आजादी से पहले आज ही के दिन कांग्रेस की स्थापना की गई थी। स्थापना दिवस के विशेष मौके पर बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा की जमकर तारीफ की। स्थापना दिवस समारोह को लेकर दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस का मुख्यालय आकर्षक ढंग से सजाया गया है। इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एआईसीसी मुख्यालय पहुंचकर झंडा फहराया। जहां कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। झंडा फहराने के बाद खरगे ने अपना संबोधन भी दिया।
कांग्रेस ने दलितों, गरीबों की बेड़ियों को तोड़ने का साहस किया
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हमें कांग्रेस पार्टी को समावेशी बनाने के लिए युवाओं, महिलाओं, वंचित तबकों और बुद्धिजीवियों को हमारे साथ जोड़ना होगा। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से देशभर में करोड़ों कार्यकर्ताओं को संजीवनी मिली है।
खरगे ने आगे कहा कि आज भारत ने प्रगति की है क्योंकि कांग्रेस ने दलितों, गरीबों की बेड़ियों को तोड़ने का साहस किया है। लोकतंत्र को मजबूत रखने के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अपने मंत्रिमंडल में 5 गैर-कांग्रेसी मंत्रियों को नियुक्त किया। यह सबको साथ लेकर चलने के सिद्धांत को दर्शाता है।
गहलोत बोले- हम संविधान की रक्षा करने में सक्षम
खरगे ने आगे कहा कि भारत के मूल सिद्धांतों पर लगातार हमले हो रहे हैं। पूरे देश में नफरत का गड्ढा खोदा जा रहा है। जनता मंहगाई, बेरोजगारी से परेशान है लेकिन सरकार को कोई परवाह नहीं। इधर राजस्थान की राजधानी जयपुर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि 138 साल का इतिहास है, कांग्रेस की नीति, सिद्धांत, कार्यक्रम अडिग हैं। संविधान की रक्षा करने में हम सक्षम हैं।
भाजपा और आरएसएस से हमारी लड़ाई जारी रहेगीः गहलोत
इधर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर में कहा कि आज कांग्रेस स्थापना दिवस है। 138 साल का लंबा सफर तय करके कांग्रेस यहां तक पहुंची है… भाजपा और RSS के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी। ये संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं, देश इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। गहलोत ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने लोगों से जुड़ने की बात कही है। हम आज संकल्प लेंगे कि आने वाले समय में कांग्रेस का हर नेता, कार्यकर्ता जनता के बीच जाएगा।
आज मुंबई जाएंगे कांग्रेस अध्यक्ष, राज्यों में भी कार्यक्रम
उल्लेखनीय हो कि कांग्रेस की नींव आज से 137 साल पहले मुंबई में आजादी के आंदोलन के वक्त रखी गई थी। हर साल 28 दिसंबर को कांग्रेस अपना स्थापना दिवस मनाती है। इस विशेष मौके पर आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मुंबई जाएंगे और एक कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। कांग्रेस स्थापना दिवस पर सभी राज्यों में कांग्रेस दफ्तरों में भी कार्यक्रम होंगे।


